उत्तरकाशी। पिछले 25 वर्षों से हर बरसात में जलभराव की त्रासदी झेल रहे जोशियाड़ा के कालेश्वर मंदिर मार्ग क्षेत्र के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। बार-बार ज्ञापन, शिकायतों और आश्वासनों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज स्थानीय लोग शनिवार को जिला प्रशासन के खिलाफ विशाल जनाक्रोश रैली निकालेंगे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों से जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का जीवन प्रभावित हो रहा है लेकिन प्रशासनिक स्तर पर केवल आश्वासन ही मिले हैं। स्थानीय सभासद सुनीता नेगी, विजय राज, आशीष नेगी आदि क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि कालेश्वर मंदिर मार्ग पर जलभराव की समस्या को लेकर गत कई वर्षों से जिला प्रशासन, एडीएम कार्यालय और संबंधित विभागों को लगातार ज्ञापन दिए जाते रहे हैं।
बीती 17 जून को भी उपजिलाधिकारी भटवाड़ी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था, जिस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि हर वर्ष बरसात के दौरान सड़कें जलमग्न हो जाती हैं जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कई बार प्रशासन की ओर से संयुक्त समितियां भी गठित की गईं, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो पाया। जलभराव की स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर शनिवार को महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण, जोशियाड़ा से कलेक्ट्रेट परिसर तक विशाल जनाक्रोश रैली निकाली जाएगी। चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन और आवश्यकता पड़ने पर अनशन भी किया जाएगा।