बैग बदलने की गलती से गायब हुए 1.67 लाख, पुलिस ने खोज निकाले

Spread the love

रानीखेत। बाजार क्षेत्र से गायब हुआ 1.67 लाख की नकदी से भरा बैग रानीखेत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर उसके स्वामी को सकुशल सौंप दिया। बैग समान दिखने वाले दूसरे बैग से अनजाने में बदल जाने के कारण गायब हुआ था। पुलिस के अनुसार ग्राम तनवानी, भैंसोली, पोस्ट मजखाली निवासी चन्दन सिंह ने बुधवार, 10 जून को कोतवाली रानीखेत में सूचना दी कि वह स्टेट बैंक की मजखाली शाखा में 1.67 लाख जमा कराने जा रहे थे। बैंक पहुंचने से पहले वह रानीखेत बाजार में खरीदारी के लिए रुके, जहां उनका नकदी से भरा बैग कहीं गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी बैग का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। उप निरीक्षक फिरोज खान और कांस्टेबल कमल गोस्वामी ने बाजार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने बैग को चौकुनी मौना क्षेत्र की एक महिला के पास से बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उनके पास भी इसी तरह का बैग था और दोनों बैग अनजाने में बदल गए थे। पुलिस ने बैग में रखी नकदी और अन्य सामान की जांच कर रुपये गिनवाने के बाद बैग उसके वास्तविक स्वामी चन्दन सिंह को सौंप दिया। खोई हुई धनराशि सुरक्षित वापस मिलने पर चन्दन सिंह और उनके परिजनों ने रानीखेत पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *