अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने लोकभवन में कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से भेंट कर उन्हें आयोजन संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान कुलपति ने दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों की कार्यप्रगति से कुलाधिपति को अवगत कराया तथा उन्हें समारोह का औपचारिक आमंत्रण पत्र भी भेंट किया। विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह 18 जून को आयोजित होना प्रस्तावित है। समारोह की तैयारियों के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुलपति प्रो. बिष्ट ने समितियों को निर्देश दिए हैं कि दीक्षांत समारोह के विभिन्न आयामों में अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, पुरातत्व, लोककला, पर्यावरण तथा पारंपरिक शिल्प की झलक प्रमुखता से दिखाई दे, ताकि समारोह के माध्यम से क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।