15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी

Spread the love

नई दिल्ली , भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के बीच 15 राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में बिजली गिरने, जलभराव और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
=यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तेज हवाओं की आशंका=
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और भारी वर्षा की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने चेताया है कि तेज हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
=दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट=
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम लगातार बदल रहा है। आईएमडी ने 18 जुलाई के लिए बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। दिन में गर्मी और उमस बनी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद हल्की बारिश और गरज-चमक से मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
वहीं 19 जुलाई को भी गर्मी और उमस के साथ छिटपुट बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 20 से 23 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर के लिए किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है और तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।
=पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का खतरा=
हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में फिलहाल येलो अलर्ट लागू किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की आशंका=
आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों के दौरान भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को विशेष रूप से शनिवार रात, रविवार सुबह और 20 से 22 जुलाई के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
=लोगों से सतर्क रहने की अपील=
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही परिवहन और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए आवश्यक तैयारियां रखने की सलाह भी दी गई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *