रुद्रप्रयाग। ब्लॉक अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत क्यार्क बरसूड़ी में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। नियम तोड़ने पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।ग्राम प्रधान गीता देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि शादी, पार्टी और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने और गांव में बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। कोई भी व्यक्ति शराब की खरीद-फरोख्त नहीं करेगा और किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में शराब नहीं परोसी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या परिवार नियमों का उल्लंघन करता है तो उस पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। इस दौरान संजना, संगीता देवी, विनीता देवी, नीलम, शारदा, सावित्री देवी, पवन चंद, निशा, दर्शनी, पूजा देवी आदि मौजूद रहे।
नौ से अधिक गांवों में ग्रामीणों ने की है शराबबंदी
आदिबदरी। तहसील आदिबदरी के रंडोली, खेती, बेड़ी मल्ली, सिलपाटा, पज्याणा,लंगटाईं, छिमटा, पिंडवाली, मालई गांवों में जबसे ग्रामीणों ने शराब पर प्रतिबंध लगाया है तब से गांवों का माहौल बेहतर है। रंडोली के बादर सिंह ने बताया कि पहले गांव में शराबबंदी से शादी में हजारों रुपयों की बचत भी हो रही है। प्यूंरा के बचन सिंह भी कहते हैं कि सिलपाटा क्षेत्र के गांवों में शादी के दौरान कुछ युवाओं ने शराबबंदी का उल्लंघन किया तो उन पर 5 हजार का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद गांव में किसी ने शराब पीने-पिलाने की हिम्मत नहीं की।