डीएवी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 38वां स्थापना दिवस

Spread the love

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, नन्हें बच्चों ने जंगल थीम पर दी मनमोहक प्रस्तुति
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बलभद्रपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में विद्यालय का 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य और गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने किया। इसके बाद हरिश्चंद्र शास्त्री के नेतृत्व में वैदिक परंपरा के अनुसार मंगलाचरण और हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। हवन के दौरान विद्यालय परिवार ने सुख-समृद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जंगल थीम पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने जंगल और वन्यजीवों की खूबसूरत झलक पेश की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कक्षा प्रथम और द्वितीय के विद्यार्थियों ने अंग्रेजी गीत ‘स्माइल ऑन योर फेस’ पर आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं कक्षा तृतीय और चतुर्थ के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोक संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरते हुए ‘आया रे शुभ दिन आयो रे…’ गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने ‘एक है ईश्वर, एक है वेद, एक ही अपना नारा बोल’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपरा का संदेश दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने गढ़वाली लोकगीतों पर भी पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की लोकभाषा और संस्कृति के प्रति अपने जुड़ाव को प्रदर्शित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता देखने को मिली। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने देश की विविध लोक संस्कृतियों के साथ ही अपनी क्षेत्रीय संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *