कल्पतरू संस्था ने गुलरझाला मंदिर क्षेत्र में चलाया अभियान, लोगों को किया जागरूक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कल्पतरू सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से गुलरझाला मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में पौधा रोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपने के साथ ही उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस दौरान क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

संस्था की अध्यक्ष कल्पना ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधा रोपण किया जाना जरूरी है। पौधे न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि धरती पर जीवन के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज पौधों का संरक्षण नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराना मुश्किल होगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों ने घर-घर जाकर लोगों को पौधा रोपण के लिए प्रेरित किया। लोगों को पौधों के महत्व और उनके संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी गई। जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई। अभियान के तहत गुलरझाला मंदिर और आसपास के विभिन्न स्थानों पर आम, अमरूद सहित अन्य प्रजातियों के करीब 50 से 60 पौधे रोपे गए। संस्था के सदस्यों को लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई, ताकि पौधों को नियमित रूप से पानी मिलने के साथ ही उन्हें नुकसान से बचाया जा सके। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि पौधा रोपण केवल एक दिन का अभियान न रहकर निरंतर चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। तभी पर्यावरण संरक्षण के प्रयास सार्थक होंगे। इस मौके पर दीपाली, ममता, हरि, देवेश, प्रियतमा, हेमलता, राधा, कंचन आदि मौजूद रहे।