पुलिस ने शांति भंग के आरोप में की कार्रवाई, ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान जारी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और विवाद करने के आरोप में पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे की हालत में उपद्रव करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक शराब के नशे में आपस में विवाद कर हुड़दंग मचा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान काशीरामपुर निवासी जगदीश बिष्ट, ग्रास्टनगंज निवासी फरमान, कुंभीचौड़ निवासी फिरोज, लकड़ीपड़ाव निवासी इरशाद, कुंभीचौड़ निवासी मोहम्मद शाकिर, रफराज और आमपड़ाव निवासी हर्षित के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से क्षेत्र में किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।