‘हर घर तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैण में सोमवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न जागरूकता एवं अभिविन्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व, नशामुक्ति, मानव सेवा तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े अभियानों के प्रति जागरूक किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. विमल कुकरेती के संरक्षण एवं डॉ. प्रमिला के कुशल संचालन में आयोजित कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी डॉ. बचन सिंह बिष्ट द्वारा छात्र-छात्राओं को ‘नमामि गंगे’ की कैप एवं टी-शर्ट वितरित की गईं। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्यों, गतिविधियों तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति स्वयं सेवकों के उत्तरदायित्वों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के संबंध में भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्र में तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. हरिओम रावत ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं इसके कारण होने वाली सामाजिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार ने किया। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को रेड क्रॉस की स्थापना, उद्देश्यों, गतिविधियों तथा आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में मानव सेवा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाजसेवा एवं मानवीय मूल्यों से जुड़कर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *