घमंडपुर की महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के घमंडपुर में एक महिला पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये उधार लेने के बाद फरार होने का आरोप लगा है। महिला के अचानक घर से गायब होने और मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परेशान महिलाओं ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोमवार को घमंडपुर क्षेत्र की कई महिलाएं कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी। महिलाओं ने बताया कि घमंडपुर निवासी उक्त महिला ने उनसे अलग-अलग समय पर लाखों रुपये उधार लिए थे। महिलाओं के अनुसार उन्होंने भरोसे के आधार पर महिला को ऑनलाइन माध्यम से रकम उपलब्ध कराई थी। उन्हें उम्मीद थी कि निर्धारित समय पर उनकी रकम वापस कर दी जाएगी। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्हें जानकारी मिली कि संबंधित महिला अपने घर पर ताला लगाकर कहीं चली गई है। इसके साथ ही उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। महिलाओं ने महिला से संपर्क करने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उन्हें आशंका है कि महिला उनकी रकम लेकर कहीं फरार हो गई है। महिलाओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर उनकी रकम वापस दिलाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों और लेनदेन की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि महिलाओं की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।