जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महादेव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर हाईस्कूल जशोधरपुर के विद्यार्थियों ने 38वीं गढ़वाल क्षेत्र बाल वर्ग की क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में अव्वल स्थान हासिल किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए कई प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

ऋषिकेश में आयोजित गढ़वाल क्षेत्र बाल वर्ग की क्रीड़ा प्रतियोगिता में जशोधरपुर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में गोला फेंक और चक्का फेंक में शौर्य बड़ोला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बैडमिंटन स्पर्धा में अक्षिता रावत ने बाजी मारी। कक्षा आठ के छात्र नितिश ने 200 और 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा 600 मीटर दौड़ में अमृता ने तथा लंबी कूद में साक्षी ने अव्वल स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य निर्मल केमनी और प्रबंधन समिति के जितेंद्र चंद्र डोबरियाल ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।