श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बछेलीखाल बाजार में शुक्रवार रात को पाली गांव निवासी जय सिंह रावत पुत्र सुरेंद्र सिंह रावत की कन्फेक्शनरी की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जल गया। आग की लपटें तेज होने के कारण लोग बुझा नहीं सके। सूचना पर अग्निशमन का वाहन पहुंचा तो उसमें पर्याप्त पानी नहीं था। ऐसे में दमकलकर्मियों ने आग तो बुझा दी लेकिन इसमें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है।

शुक्रवार रात को कन्फेक्शनरी की दुकान में अचानक आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा तो दहशत का माहौल बन गया। व्यापारियों और ग्रामीणों ने तुरंत पानी और बालू डालकर आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की लेकिन लपटें तेज होने के कारण वह आग पर काबू नहीं पा सके। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। श्रीनगर से फायर ब्रिगेड का वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन वाहन में पर्याप्त पानी नहीं था। ऐसे में दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भारी मशक्कत और दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों और व्यापारियों ने शासन-प्रशासन से देवप्रयाग में स्थायी अग्निशमन केंद्र स्थापित करने तथा पर्याप्त जल क्षमता वाले आधुनिक दमकल वाहनों की तैनाती की मांग उठाई। वहीं कोतवाली प्रभारी देवप्रयाग कृष्णकांत ने बताया कि संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लगी है। नुकसान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। (एजेंसी)