सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों के पालन की अपील
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘दो सवार, दो हेलमेट’ अभियान के क्रम में बुधवार को एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के नेतृत्व में कोटद्वार में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एसएसपी स्वयं सड़क पर उतरे और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने झंडाचौक, तीलू रौतेली चौक सहित प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर वाहन चालकों एवं आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ पीछे बैठने वाली सवारी (पीलियन राइडर) की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान एसएसपी पौड़ी ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पर पीछे बैठकर यात्रा कर रहे लोगों को हेलमेट की उपयोगिता एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान सिर में चोट लगने से होने वाले गंभीर परिणामों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने पीलियन राइडर्स को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही यात्रा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, बिना हेलमेट यात्रा कर रहे पीलियन राइडर्स को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया। एसएसपी ने सभी वाहन चालकों से ओवर स्पीडिंग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, दोपहिया वाहन पर चालक एवं पीछे बैठी सवारी दोनों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही, आमजन से यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।