जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जिले के नौनिहालों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल रिगवाड़ी की अनन्या और सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की जिया कैंत्यूरा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए किया गया है।

राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडल और शोध परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता में बाल विज्ञानियों ने कचरा प्रबंधन, ऊर्जा, जल संचयन, दोहन, पुनर्चक्रण एवं संरक्षण, भोजन, कृषि, स्वास्थ्य और सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली जैसे विषयों पर अपने शोध प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में 35 और माध्यमिक वर्ग में 36 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया। जूनियर वर्ग में जूनियर हाईस्कूल रिगवाड़ी की अनन्या ने प्रथम, जूनियर हाईस्कूल अमोला की अवनी ने द्वितीय और माउंट कार्मल स्कूल पाली पाबौ की अवशी मेवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर वर्ग में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की जिया कैंत्यूरा प्रथम, राइंका बनचूरी की सिमरन द्वितीय और राइंका गैंडखाल की राधिका तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अनीता बलोनी, कुसुम कोटनाला, मुकेश पटवाल, ज्योति ध्यानी, ऋतु उनियाल, रश्मि उनियाल, अजय बिष्ट, पूनम पटवाल, कल्पेश्वरी बलोदी और अमित कुमार शामिल रहे।