जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति के मोबाइल पर वाहन चालान का फर्जी लिंक भेज लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस ने आमजन को साइबर ठगी के प्रति भी जागरूक किया। कहा कि किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत पुलिस से शिकायत करें।
इस संबंध में 12 फरवरी को कोटद्वार निवासी जीत सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके मोबाइल पर एक वाहन चालान कटने का लिंक आया। बताया कि जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया उनके खाते से एक लाख बीस हजार रुपये कट गए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि ठगी गुजरात अहमदाबाद से की गई है। आरोपित की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। बताया कि मामले में अहमदाबाद निवासी अभिषेक सोलेंकी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल नंबर से फ्लिपकार्ट एप के माध्यम से पीड़ित के खाते से धनराशि का लेन-देन करता था।