जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पाटीसैंण में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।
ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सीडीओ ने अधिकारियों, अवर अभियंताओं और कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाटीसैंण बाजार स्थित पुराने सुलभ शौचालय की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुराने ढांचे को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से लैस स्मार्ट शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, बिजली और नियमित साफ-सफाई जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने नयार नदी पर प्रस्तावित मोटर पुल की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लाकर कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान व्यापारी महावीर असवाल, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष नंदन सिंह रावत समेत कई लोग मौजूद रहे।