गर्मी से निजात के लिए खोह नदी में नहाने पहुंच रहे लोग
लालपुल के समीप खोह नदी में पहुंचे हाथी को देख लगाई दौड़
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : यदि आप गर्मी से निजात के लिए खोह नदी में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। दरअसल, भीषण गर्मी के बीच हाथी भी अपनी प्यास बुझाने के लिए खोह नदी में पहुंच रहे हैं। ऐसे में हाथी व इंसान के बीच आमना सामना कब भारी पड़ जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता। लालपुल के समीप खोह नदी में अचानक हाथी का झुंड धमक गया। नदी में नहा रहे रहे युवकों ने भागकर अपनी जान बचाई।
कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य खोह नदी का अधिकांश भाग जंगल से सटा हुआ है। यही कारण है कि आए दिन हाथी राष्ट्रीय राजमार्ग को पार कर खोह नदी तक पहुंचते हैं। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच खोह नदी में डुबकी लगा रहे लोगों को खतरा हो सकता है। रविवार को उत्तर प्रदेश से पहुंचे कुछ युवक लालपुल के समीप खोह नदी में डुबकी लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी झाड़ियों से निकलता हुआ नदी की ओर बढ़ने लगा। मौके पर मौजूद एक युवक की नजर हाथी पर पड़ी तो उसने सभी को सचेत किया जिसके बाद युवक नदी से बाहर निकले और भागकर अपनी जान बचाई। इस तरक की घटनाएं पूर्व में भी कई बार सामने आ चुकी हैं। ऐसे में खोह नदी में नहाना मुसीबत खड़ी कर सकता है।
दूरी बनाकर रखें
इन दिनों गर्मी का पारा चढ़ता जा रहा है। ऐसे में हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर खोह नदी में पानी पीने के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय कई लोगों में हाथी की फोटो लेने की होड़ मची रहती है। उत्साहित होकर लोग हाथी के समीप तक पहुंच जाते हैं। साथ ही कई लोग हाथी को देखकर चिल्लाने लगते हैं या फिर वाहनों का होर्न बजाने लगते हैं। ऐसे में हाथी चिढ़ता है और वह हमला कर सकता है।