देहरादून। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने नया नगर, देहरादून स्थित मुस्लिम जूनियर हाई स्कूल के बेहतर संचालन के लिए नौ सदस्यीय नई प्रबंध समिति का गठन किया है। नए वक्फ कानून के लागू होने के बाद समीना सिद्दीकी को सर्वसम्मति से इस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर आने वाली पहली महिला मुतवल्ली हैं। वक्फ बोर्ड के सीईओ गिरधारी सिंह रावत ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर चंदर नगर देहरादून निवासी समीना सिद्दीकी ने अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य इस स्कूल को पूरी तरह से मॉडर्न बनाना है।इसके तहत छात्राओं और छात्रों (गर्ल्स और बॉयज) के लिए अलग-अलग विंग तैयार किए जाएंगे। उधर, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने समीना सिद्दीकी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को लगातार आगे बढ़ा रही है और उन्हें नेतृत्व का अवसर देकर सम्मानित कर रही है। बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस नई प्रबंध समिति का कार्यकाल आगामी एक वर्ष की अवधि के लिए होगा।