विकासनगर। गुरुवार को हुई बारिश विकासनगर के निवासियों के लिए राहत और समस्या दोनों लेकर आई। खुदी सड़कों से धूल मिट्टी की परेशानियों से राहत मिली, लेकिन बारिश के बाद कीचड़ और जलभराव ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया। स्थानीय निवासी इसकी शिकायत कर रहे हैं। गुरुवार दोपहर बाद हुई बारिश विकासनगर वासियों के लिए राहत के साथ ही आफत भी साथ लेकर आई। पिछले कई दिनों से खुदी सड़कों से उठ रहे धूल-मिट्टी के गुबार से लोगों को राहत मिली, खुदी सड़कों पर जल जलभराव और कीचड़ के से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। विदित है कि वर्तमान में विकासनगर में यूलिप योजना के तहत सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। जिसके लिए निर्माणदायी संस्था की ओर से तमाम सड़कों को खोदा गया है। अधिकांश जगह निर्माणदायी संस्था ने लाइन बिछाने के बाद सड़कों पर मिट्टी बिछाकर छोड़ रखा है। जिसके कारण विकासनगर के लोग दिनभर सड़कों से उठने वाले धूम मिट्टी के गुबार से लोग परेशान हैं। लोगों को मजबूरन अपने खिड़की दरवाजे बंद रखने पड़ रहे हैं। स्कूली बच्चे और बुजुर्ग धूल के कारण काफी परेशान है। लेकिन गुरुवार को हुई बारिश के बाद लोगों को इस समस्या से निजात तो मिली, लेकिन दूसरी समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। बारिश के कारण खुदी सडकें जगह-जगह कीचड़ में तब्दील हो गई। कई जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। कीचड़ और जलभराव होने के कारण लोगों को सड़कों पर चलने में मुसीबत झेलनी पड़ी। गड्ढो में पानी भरने और कीचड़क के कारण कई वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। कीचड़ के चलते लोगों को पैदल और दोपहिया वाहनों से गली-मोहल्लों में जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।