हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर शुक्रवार को हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। भीड़ बढ़ते ही चरणबद्ध तरीके से इस योजना को प्रभावी किया जाएगा। रात 12 बजे से ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है, जो स्नान के समाप्ति तक लागू रहेगा। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर होते हुए गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमकादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बाव बढ़ने पर नगलाइमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप में रोका जाएगा। नजीबाबाद और मुरादाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौक मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को डायवर्जन के जरिये गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में रोका जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे, जहां उनके लिए लालजीवाला और पंतद्वीप पार्किंग तय की गई है। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने की स्थिति में नहर पटरी मार्ग से वाहनों की निकासी कराई जाएगी, जबकि चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली प्राइवेट बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा। ऑटो और विक्रम के संचालन पर भी विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। देहरादून की ओर से आने वाले ऑटो केवल जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे, जबकि ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक इनका संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि स्नान पर्व सकुशल संपन्न हो सके।