उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के दौरान सड़क पर जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। तेज रफ्तार, शराब पीकर ड्राइविंग, ओवरलोडिंग और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने पर अब सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन और पुलिस को संयुक्त रूप से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि चारधाम यात्रा जैसे संवेदनशील समय में नियमों की अनदेखी सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि दूसरों की जान जोखिम में डालना है। पुलिस प्रशासन को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि यातायात व्यवस्था हर हाल में सुचारू रहे और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों पर भी सख्ती बरतने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर उनके जल्द सुधार के निर्देश भी दिए।