जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने भाबर क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 176 पव्वे अवैध शराब बरामद की।

पुलिस के अनुसार, भाबर क्षेत्र के सिग्गड़ी ग्रोथ सेंटर और कलमगंज क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल ने बताया कि कलमगंज क्षेत्र से विजय कुमार को 62 पव्वे शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सिग्गड़ी ग्रोथ सेंटर के समीप लोकमणिपुर निवासी सोनू को 54 पव्वे शराब के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा नगर क्षेत्र में पुलिस ने काशीरामपुर तल्ला निवासी नंदा देवी को 60 पव्वे अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।