जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर ली है। महाविद्यालय के मुख्य गेट समेत विभिन्न स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता या व्यवधान पैदा करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठक की। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर और पुलिस क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से अनावश्यक नारेबाजी, विवाद, आपसी झड़प और हुड़दंग से दूर रहने की अपील की। साथ ही महाविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक में बाहरी व्यक्तियों की अनधिकृत गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध अथवा विवादित स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान डालने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखते हुए चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।