टेली-लॉ कार्यशाला में दी नि:शुल्क कानूनी परामर्श की जानकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नागरिकों को नि:शुल्क कानूनी परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने और टेली-लॉ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से न्याय विभाग, भारत सरकार और सीएससी एसपीवी की ओर से कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रतिभागियों को टेली-लॉ सेवा के माध्यम से मिलने वाली कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।


कार्यशाला में भारत सरकार के न्याय विभाग के अवर सचिव गौरव त्रिपाठी ने टेली-लॉ सेवा के उद्देश्य, उपयोगिता और इसके माध्यम से उपलब्ध नि:शुल्क कानूनी परामर्श के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों तक इस सेवा की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में कोटद्वार तहसीलदार राजेंद्र सनवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यशाला के विभिन्न सत्रों और गतिविधियों का अवलोकन किया। सीएससी एसपीवी उत्तराखंड के स्टेट हेड अश्वनी कुमार ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक विभिन्न जनकल्याणकारी एवं नागरिक सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। टेली-लॉ भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यशाला के दौरान न्याय विभाग की नम्रता ने टेली-लॉ सेवा की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। वहीं सीएससी एसपीवी टेली-लॉ प्रोजेक्ट के स्टेट कोऑर्डिनेटर अर्पण कोठारी ने सेवा के संचालन, प्रक्रिया और नागरिकों को इससे जोड़ने के संबंध में प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर टेली-लॉ सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वीएलई रेखा, महिपाल और विशाल को सम्मानित किया गया। वहीं न्याय सहायक रजत को टेली-लॉ सेवा को नागरिकों तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *