जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्र की लाइफलाइन माने जाने वाले दुर्गा देवी-मैदावन-रामनगर मोटर मार्ग को खोलने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। उक्रांद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मार्ग को यातायात के लिए नहीं खोला गया तो ग्रामीणों को साथ लेकर जनांदोलन शुरू किया जाएगा।

उक्रांद नेता मुकेश बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने रैली निकालकर मार्ग बंद होने के खिलाफ विरोध जताया। रैली के बाद वन अधिकारियों के माध्यम से सरकार को पत्र भेजकर मार्ग को जल्द सुचारू करने की मांग की गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वन अधिनियम के नाम पर क्षेत्र की जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दुर्गा देवी-मैदावन-रामनगर मोटर मार्ग को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि मार्ग लंबे समय से बाधित होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मार्ग बंद होने से स्कूली छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों और रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को अपने ही संसाधनों और सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मार्ग जल्द नहीं खोला गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस मौके पर दीपक बिष्ट, गब्बर सिंह बिष्ट, संदीप रौतेला, यतेंद्र देवरानी और अभिजीत रावत सहित उक्रांद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।