जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : माहेश्वरी जिला सभा बिजनौर की आमसभा में गोविंद गोपाल लड्ढा को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुना गया। कोटद्वार स्थित एक होटल में आयोजित आमसभा में जिला सभा के अंतर्गत आने वाले सभी आठ नगरों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में समाज की ओर से सेवा कार्यों को विस्तार देने का निर्णय लिया गया। इसके तहत माहेश्वरी समाज की ओर से गैर-माहेश्वरी सहित सर्व समाज के लोगों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जरूरतमंद स्कूली बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग करने की बात कही गई। बैठक में समाज में घटती संख्या को संतुलित करने के उद्देश्य से एक पहल पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि समाज के ऐसे दंपती, जिनके यहां तीसरे बच्चे का जन्म होगा, उन्हें नवजात के लालन-पालन के लिए संस्था की ओर से 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा समाज के बीमार और जरूरतमंद लोगों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक लाख रुपये तक की सहायता राशि देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष गोविंद गोपाल लड्ढा ने कहा कि समाज ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने समाजहित में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।