मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद के बीच जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। देश के विभिन्न हिस्सों में भी कांग्रेस एसआईआर को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।


जिलाध्यक्ष विकास नेगी और महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील तिराहे पर एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है और उसकी भूमिका निष्पक्ष नहीं रह गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संवैधानिक संस्था होने के नाते निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष एवं पारदर्शी भूमिका की अपेक्षा की जाती है। वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाना चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। निर्वाचन आयोग के अनुसार एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। आयोग ने एसआईआर के दौरान नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों के लिए दस्तावेज जमा करने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी रखी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त से एसआईआर प्रक्रिया में उठ रहे सवालों का समाधान करने और मतदाता सूची को लेकर पारदर्शिता बरतने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी अपना विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष विनोद डबराल, प्रवीण रावत, साबर सिंह नेगी, रघुबीर सिंह बिष्ट, गीता नेगी, प्रति देवी, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, बलवीर सिंह रावत, शूरबीर खेतवाल, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, उपेंद्र सिंह नेगी और प्रदीप नेगी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *