ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम जाने वाला बाईपास मार्ग बदहाल बना हुआ है। कीचड़ से भरी और उबड़ खाबड़ सड़क पर वाहनों का संचालन मुश्किल हो रहा है। वहीं अब बदरीनाथ धाम की यात्रा फिर से बढ़ जाएगी। ऐसे में यहां जाम की स्थित उत्पन्न हो सकती है।
नृसिंह मंदिर मार्ग पर इन दिनों सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इस कारण कार्यदायी संस्था की बड़ी-बड़ी मशीनें सड़क किनारे खड़ीं हैं। लगातार चल रहे भारी वाहनों, सुरक्षात्मक कार्यों व बरसात के चलते सड़क की स्थिति दयनीय हो गई है। गड्ढे व मिट्टी होने से वाहनों के टायर धंस रहे हैं। सड़क पर बार-बार जाम लग रहा है। इसी मार्ग से यात्री वाहन बदरीनाथ धाम की ओर जाते हैं। अब बरसात कम होते ही यात्रा तेज हो जाएगी। ऐसे में इस मार्ग पर जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है। अंती प्रकाश शाह का कहना है कि बदरीनाथ धाम की यात्रा तेज होने लग गई है लेकिन नृसिंह मंदिर मार्ग बदहाल बना है। सुरक्षात्मक कार्य कर रही कंपनी का सामान जगह-जगह सड़क किनारे पड़ा है। इससे यहां जाम की समस्या हो रही है। इस मामले में उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना है कि नगर में सुरक्षात्मक कार्य कर रही कंपनी को मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे। जल्द मार्ग ठीक करवा लिया जाएगा।