बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: पुलिस ने तीसरे आरोपी को हिरासत में लिया

Spread the love

चमोली। बदरीनाथ धाम के चर्चित चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी हिमाचल का रहने वाला है। दो जुलाई की गणना की सीसीटीवी फुटेज में उसकी संदिग्धता भी देखी गई थी। आरोपी एक परियोजना की कंपनी में तैनात है। वह कंपनी के अधिकारियों व उनके रिश्तेदारों को भगवान बदरीनाथ के दर्शन कराने की जिम्मेदारी संभालता था और चढ़ावा गणना के दौरान अक्सर गणना कक्ष में मौजूद रहता था। दो जुलाई की गणना की सीसीटीवी फुटेज में उसकी भी संदिग्धता देखी गई थी। पुलिस उस पर नजर रख रही थी।
शुक्रवार अपराह्न करीब ढाई बजे पुलिस ने लामबगड़ स्थित उसके आवास से उसे हिरासत में लेकर बदरीनाथ थाने पहुंचाया, जहां गहन पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार उसके आवास से मंदिर से चोरी की गई कुछ वस्तुएं बरामद हुई हैं, हालांकि पुलिस ने बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच टीम मंदिर समिति से जुड़े कई अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
उधर, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चढ़ावा चोरी मामले में जांच टीम ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम मामले की लगातार जांच कर रही है। कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है और मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *