जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बलूनी पब्लिक स्कूल में लेट एडवोकेट राजेश भारद्वाज की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन बलूनी स्पोट्र्स अकादमी और डीएवी की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन खेल दिखाकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। दिन के मुकाबलों में बलूनी स्पोट्र्स अकादमी ने नवयुग पब्लिक स्कूल को 11 रन से, जबकि डीएवी ने एमकेवीएन को 21 रन से हराया। वहीं, बाल भारती स्कूल के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में नवयुग पब्लिक स्कूल ने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, प्रदीप बडोला और कमलेश कोटनाला ने किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। दिन का पहला मैच बलूनी स्पोट्र्स अकादमी और नवयुग पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। बलूनी स्पोट्र्स अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवयुग पब्लिक स्कूल की टीम निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट खोकर 50 रन ही बना सकी। इस तरह बलूनी स्पोट्र्स अकादमी ने 11 रन से जीत दर्ज की। टीम की ओर से अक्षित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में सात रन देकर दो विकेट चटकाए। वहीं, नवयुग पब्लिक स्कूल के सुजल भंडारी ने 15 गेंदों में 17 रन बनाकर उपयोगी पारी खेली। दूसरा मुकाबला बाल भारती स्कूल और नवयुग पब्लिक स्कूल के बीच सुपर नॉक आउट प्रारूप में खेला गया। बाल भारती स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में पांच विकेट गंवाकर 35 रन बनाए। जवाब में नवयुग पब्लिक स्कूल ने छह विकेट के नुकसान पर 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ नवयुग पब्लिक स्कूल ने अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत किया। तीसरे मुकाबले में डीएवी और एमकेवीएन की टीमें आमने-सामने रहीं। डीएवी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में एक विकेट खोकर 63 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमकेवीएन की टीम 7.4 ओवर में 42 रन पर ऑल आउट हो गई। डीएवी ने 21 रन से मुकाबला अपने नाम कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।