जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साइबर अपराध व नशे के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए कोटद्वार पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता स्टाल लगाए गए। इस दौरान किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पुलिस की टीमें स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसी क्रम में कोटद्वार पुलिस ने सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से जागरूकता स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर पुलिसकर्मी आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देने के साथ उनसे बचाव के उपाय भी बता रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिस की ओर से साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं। लोगों को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारियां किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।