जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बलूनी पब्लिक स्कूल में लेट एडवोकेट राजेश भारद्वाज मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के आठवें सीजन का शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में बलूनी स्पोट्र्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसजीआरआर लालपानी को 29 रन से हराकर विजयी आगाज किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं राष्ट्रीय चयनकर्ता सबा करीम ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन के बचपन के कोच मदन शर्मा और ‘दा वन स्पोट्र्स’ के निदेशक जागृत आनंद मौजूद रहे। अतिथियों ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के एमडी विपिन बलूनी और बलूनी पब्लिक स्कूल एवं बलूनी क्लासेस कोटद्वार विंग की निदेशक अभिलाषा भारद्वाज ने भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बलूनी स्पोट्र्स एकेडमी और एसजीआरआर लालपानी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बलूनी स्पोट्र्स एकेडमी ने निर्धारित आठ ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसजीआरआर लालपानी की टीम बलूनी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 29 रन पर ऑल आउट हो गई। बलूनी स्पोट्र्स एकेडमी की ओर से लक्ष्य और नमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके। इस तरह बलूनी स्पोट्र्स एकेडमी ने 29 रन से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत शुरुआत की। दिन का दूसरा मुकाबला ज्ञान भारती और वीके इंटरनेशनल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ज्ञान भारती की टीम ने आठ ओवरों में सात विकेट खोकर 52 रन बनाए। जवाब में वीके इंटरनेशनल ने रोमांचक मुकाबले में 7.3 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। वीके इंटरनेशनल की जीत में देव की गेंदबाजी का अहम योगदान रहा। शानदार प्रदर्शन के लिए देव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के आठवें सीजन में विभिन्न विद्यालयों की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का अवसर मिल रहा है।