बेहड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं के निराकरण की मांग

Spread the love

रुद्रपुर। विधायक तिलक राज बेहड़ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण कि आड़ में लगभग 600 परिवारों को उजाड़े जाने का आरोप लगाया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान की भी मांग की। बेहड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दोनों मुद्दों पर उचित समाधान का भरोसा दिलाया है। मंगलवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करते हुए बेहड़ ने बताया कि पंतनगर विवि प्रशासन ने संजय कॉलोनी, मस्जिद कॉलोनी एवं वाल्मीकि कॉलोनी के निवासियों को वहां से हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। प्रभावित लोगों के हितों की चिंता करते हुए उन्हें हटाने से पहले ठोस पुनर्वास योजना तैयार करने की मांग की। बेहड़ ने बताया कि सीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने का भरोसा दिया है। वहीं बेहड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की विभिन्न समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बायोमेट्रिक प्रणाली से नहीं जोड़ने का भी आग्रह किया। बेहड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लेने का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *