– एक ‘प्री-प्लान’ साजिश के तहत काम कर रही कॉंग्रेस : दीप्ति रावत
देहरादून। भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने चंपावत मामले को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को दोबारा हासिल करने के लिए झूठ और फरेब का सहारा ले रही है। भाजपा का दावा है कि मुख्यमंत्री और सत्ताधारी दल के नेताओं की छवि को धूमिल करने के लिए कांग्रेस लगातार एक ‘प्री-प्लान’ साजिश के तहत काम कर रही है।
दीप्ति रावत ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह अब षड्यंत्र रचने पर उतर आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और मुख्यमंत्री की बेदाग छवि को खराब करने के लिए चंपावत प्रकरण को जानबूझकर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से इस पूरे षड्यंत्र में शामिल कांग्रेस नेताओं पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
आनंद मेहरा की भूमिका पर उठाए सवाल: भाजपा प्रदेश महामंत्री ने चंपावत के स्थानीय कांग्रेस नेता आनंद मेहरा की भूमिका पर भी तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मेहरा जिस तरह से बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं और बच्ची व बेटी के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, उससे उनकी मंशा स्पष्ट हो गई है। दीप्ति रावत के अनुसार, यह सब 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सहानुभूति बटोरने की एक नाकाम कोशिश है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता किसके इशारे पर पुतला दहन और मुख्यमंत्री पर उंगली उठाने का काम कर रहे हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी से इस मामले का संज्ञान लेने और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से जनता के सामने माफी मांगने की मांग की है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि वे कांग्रेस के इस ‘झूठ के साम्राज्य’ को टिकने नहीं देंगे और जनता के सामने उनकी हकीकत उजागर करेंगे।