जाजपुर (ओडिशा),। जाजपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 8 अन्य लोग घायल हो गए. बताया गया है कि शादी से लौट रहे बारातियों की बोलेरो ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. अधिकारियों ने बताया कि बोलेरो में ड्राइवर समेत 13 लोग सवार थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा सोमवार सुबह जाजपुर जिले में नेशनल हाईवे 53 पर बरदा चाक के पास हुआ. बडाचना पुलिस स्टेशन के ससना पुरुषोत्तमपुर गांव के लोग रविवार को बारात लेकर क्योंझर गए थे. जब वे बोलेरो गाड़ी में वापस लौट रहे थे, तो नेशनल हाईवे पर बरदा चाक के पास बोलेरो सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई.
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें गाड़ी से निकाला और बडाचना और धर्मशाला मेडिकल सेंटर भेजा. डॉक्टर ने धर्मशाला मेडिकल सेंटर में तीन और बडाचना में दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मरने वालों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं.
एक चश्मदीद ने बताया, हम पास के एक स्टॉल पर नाश्ता कर रहे थे. तेज आवाज सुनकर जब हम मौके पर पहुंचे, तो देखा कि एक बोलेरो, हाइवा से टकरा गई थी. चार से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. फायर सर्विस के लोगों के पहुंचने के बाद, पीड़ितों को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया.
धर्मशाला के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुधीर साहू ने बताया, सुबह सात लोगों को हॉस्पिटल लाया गया था. उनमें से तीन की मौत हो गई, और बाकी चार को हालत बिगड़ने पर कटक मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ड्राइवर समेत आठ लोगों को गंभीर चोटें आईं. इनमें दो नाबालिग हैं, और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घायलों को पहले बड़ाचना और धर्मशाला के स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया, फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जाजपुर जिले के बड़ाचना ब्लॉक के पुरुषोत्तमपुर गांव के रहने वाले हैं. अधिकारी ने आगे कहा, केस दर्ज कर लिया गया है. आगे की जांच चल रही है.