पौड़ी में शुरू हुआ स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान

Spread the love

27 महिलाओं की हुई ब्रेस्ट स्क्रीनिंग
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्तर कैंसर की समय पर पहचान और महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्तर कैंसर स्क्रीनिंग अभियान शुरू हो गया है। शनिवार को जिला अस्पताल पौड़ी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल की उपस्थिति में स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की शुरुवात की गई। अभियान का उद्देश्य समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार को संभव बनाना है। शनिवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में 16 और उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में 11 महिलाओं की ब्रेस्ट स्क्रीनिंग की गई।
इस दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका ने चिकित्सालय में मौजूद महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर के लक्षणों में स्तन में गांठ, बगल में गांठ, स्तन में दर्द, निप्पल से खून का रिसाव, स्तन में लाली, स्तन या स्तन के ऊपर त्वचा के आकार व बनावट में बदलाव हो सकता। कहा कि यदि महिला को इन लक्षणों में किसी भी तरह की कोई परेशानी हो तो उसे तुरंत चिकित्सक को दिखाना चाहिए, क्योंकि यदि समय पर स्तन कैंसर का पता चल जाए तो दवाइयों से स्तन कैंसर का उपचार किया जा सकता है, जिन महिलाओं की असंतुलित दिनचर्या, मोटापा, हार्मोंस में गड़बड़ी रहती है उन्हें स्तन कैंसर का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि देश में स्तन कैंसर मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है, यदि स्तन कैंसर के बारे में जल्दी पता चल जाता है तो इसके इलाज की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इसके लिए समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए। साथ ही मोनोपॉज के बाद भी स्तन कैंसर के होने के चांस अधिक रहते हैं, जिसके लिए महिलाओं को माहवारी के 01 सप्ताह या 10 दिन के बाद अपनी जांच अवश्य करनी चाहिए। इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन.एच.एम. राजीव रावत, जिला डाटा मैनेजर मनीष भट्ट, नर्सिंग अधिकारी रूपा, एन.टी.सी.पी. काउंसलर दुर्गा नेगी, शकुंतला नेगी, उषा देवी, पूजा, रेखा आदि मौजूद रहे।

मंगलवार को शुक्रवार को होगी जांच
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय पौड़ी और उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की शुरुवात की गई है। प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के लिए उषा किशन फाउंडेशन देहरादून द्वारा प्रदत्त आई ब्रेस्ट डिवाइस से आसानी से महिलाओं के स्तनों में यदि कोई गांठ आदि की समस्या हो तो इस डिवाइस के द्वारा आसानी से जांच की जा सकती है। प्रमुख अधीक्षक डॉ. एल.डी सेमवाल ने बताया कि ओ.एन.जी.सी. द्वारा जिला चिकित्सालय पौड़ी को 25 लाख के विभिन्न स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं जो कि चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण व आम जन को बेहतर स्वास्थ्य एवं स्क्रीनिंग में उपयोग होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *