उत्तरकाशी। राजीव गांधी आवासीय नवोदय विद्यालय के लिए स्वीकृत 38.08 करोड़ रुपये की दिवारीखोल महत्वाकांक्षी भवन परियोजना निर्माण अधर में लटक गया है। निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा नहीं होकर अब तक मात्र 15 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। इससे विद्यालय संचालन और आवासीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है।वर्ष 2003 में कक्षा 6 से 12 तक के जरूरतमंद बालक-बालिकाओं के लिए चिन्यालीसौड़ में राजीव गांधी आवासीय विद्यालय की स्थापना की गई थी। यह 2009 से राजकीय इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ के अतिरिक्त कमरों में संचालित हो रहा है। वर्ष 2024 में राज्य सरकार की ओर दिवारीखोल में 38.08 करोड़ रुपये की लागत से नए आवासीय एवं शिक्षण भवन के निर्माण को स्वीकृति दी गई थी।निर्माण कार्य 20 अगस्त 2024 को शुरू हुआ था और इसे 19 फरवरी 2026 तक पूरा किया जाना था। इसके लिए 10.55 करोड़ रुपये का अग्रिम बजट भी जारी किया गया था। हालांकि निर्धारित समय के बावजूद कार्य प्रगति बेहद धीमी रही और अब तक केवल 15 प्रतिशत निर्माण ही पूरा हो पाया है। कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग अवसंरचना उत्तरकाशी की ईई मंजू डैनी ने देरी का कारण स्वीकृत इस्टीमेट में संशोधन को बताया है। प्रधानाचार्य डॉ. विनोद सेमवाल ने भी आधारभूत ढांचे की कमी पर चिंता जताई है।