लैंसडौन वन प्रभाग क्षेत्र के जंगलों में लगी है आग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन वन प्रभाग के अंतर्गत जंगलों में लगी आग लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आग अब धीरे-धीरे परिंदा और जयहरी गांव के जंगलों तक पहुंचने लगी है। इससे चीड़ और मिश्रित वन संपदा को नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है और बारिश नहीं होने से जंगल पूरी तरह सूख चुके हैं। ऐसे में छोटी सी चिंगारी भी बड़ी आग का रूप ले रही है। जंगलों से उठता धुआं दूर-दराज के इलाकों तक दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने में भी परेशानी महसूस हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वनाग्नि की घटनाओं से वन्यजीवों का जीवन भी खतरे में पड़ गया है। कई जंगली जानवर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आ रहे हैं। आग का असर पर्यावरण पर भी पड़ रहा है और क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि हर साल गर्मियों में जंगल आग की चपेट में आ जाते हैं, लेकिन रोकथाम के लिए स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है। लोगों ने लगातार निगरानी बढ़ाने और आग बुझाने के संसाधनों को मजबूत करने की मांग की है।