बागेश्वर। कांडा थाना पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत ढप्टी-विजयपुर मार्ग पर एक कार खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी कांडा में भर्ती किया है। चालक के सिर पर गंभीर चोट है। अन्य यात्रियों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक कार शुक्रवार को ढप्टी से विजयपुर की ओर आ रही थी। ढप्टी के पास चालक का कार से संतुलन हो गया और कार खाई में गिर गई। इस हादसे में 46 वर्षीय ढप्पटी गांव निवासी चालक दीपक धामी पुत्र केशर सिंह धामी, 32 साल की अनीता दफौटी पत्नी सज्जन सिंह निवासी दफौट गांव तथा उनकी नौ साल की बेटी भूमिका घायल हो गई।
ग्राम प्रधान नीमा धामी ने थानाध्यक्ष कांडा बलवंत कम्बोज को फोन से घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि स्कूल के बच्चों ने स्कूल जाते समय गाड़ी गिरते हुए देखी। सूचना ग्रामीणों को भी दी। उसके बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों को सुरक्षित खाई से निकाला गया। 108 की मदद से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा लाया गया। चालक व महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बच्ची सुरक्षित है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दिवाकर पांडेय ने बताया चालक के सिर कंधे में गम्भीर चोटें हैं। महिला के सिर और कमर, कंधे में चोट है। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।