गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत

Spread the love

अल्मोड़ा। जनपद के तहसील भिकियासैंण क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना रापड़-गंगोड़ा-चमड़खान मोटर मार्ग पर हुई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल 112 पर सूचना मिली कि वाहन संख्या यूके04एफ-6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी है और एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। आसपास वाहन नहीं मिलने पर उसके खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, एसडीआरएफ, 108 सेवा और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर वाहन करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरा मिला। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन चंद्र (45) निवासी ग्राम सनेरी, तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र (32) निवासी ग्राम ड्यौड़ाखाल, तहसील रानीखेत तथा आनंद राम (40) निवासी थापला, भतरौंजखान के रूप में हुई है। बताया गया कि आनंद राम सौनी गांव में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। एसडीआरएफ टीम प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के बाद तीनों शव पुलिस को सौंप दिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार, चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी, राजस्व उपनिरीक्षक रापड़ सबाना समेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि कार सवार लोग नौघरियां (सिनौड़ा) से जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। एसडीआरएफ टीम में प्रभारी महिपाल सिंह, कांस्टेबल हरीश पांडे, अमित, राजेंद्र, जगमोहन, आनंद तथा होमगार्ड रोहित शामिल रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क लंबे समय से खराब हालत में है और बारिश के मलबे के कारण मार्ग कई स्थानों पर संकरा हो गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *