जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : भारतीय रेन बू कन कराटे डू संघ के तत्वावधान में नयारघाटी में चल रहा 15 दिवसीय समर कैम्प शुक्रवार को सम्पन्न हो गया है। इस मौके पर प्रशिक्षण ले रहे बच्चोें को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि देवेश्वरी प्रधानाध्यापिका डिवाइन लाइन पब्लिक स्कूल पाटीसैण, समाजसेवी सुदेश पोखरियाल, विशिष्ट अतिथि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष सोनू कुमार, गणेश रावत ने प्रशिक्षण ले रहे बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर जिला प्रशिक्षक विजय सिंह ने कहा कि सभी बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर राज्य का नाम रोशन करना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. विजेन्द्र सिंह उत्तराखंडी ने बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों में प्रतिभाग करने को कहा। मुख्य अतिथि देवेश्वरी देवी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बच्चों का बौद्धिक विकास, मानसिक विकास एवं शारीरिक विकास होता है और बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। इस मौके पर यशपाल सिंह, प्रणव सिंह, सुनील कुमार, किशन सिंह आदि मौजूद रहे।