नशा कर देता है जीवन का नाश, इससे दूर रहें : मुकेश गौरेला

Spread the love

पुलिस ने बताए नशे के दुष्परिणाम, दिलाई शपथ
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के नेतृत्व में नशामुक्त भारत पखवाड़ा के रूप में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्रों, अधिकारियों व कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जा रही है। इसके अलावा लोगों को नशे के दुष्परिणाम बताकर जागरूक किया जा हा है।
शुक्रवार को पाबौ चौकी प्रभारी मुकेश गैरोला की अध्यक्षता में पाबौ बाजार में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी ने स्थानीय लोगों, चालकों को नशे के विरूद्ध एकजुट होकर इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने व राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने हेतु शपथ दिलाई। चौकी प्रभारी ने कहा कि नशा मनुष्य जीवन का नाश करता है। बेहतर जीवन के लिए नशे से दूर रहना ही समझदारी है। कहा कि भावी पीढ़ी को नशा मुक्त समाज प्रदान करने के लिए हमें एकजुट हो कर इसको समाप्त करना होगा। वहीं नशा परिवार को तोड़ता है। नशा समाज को दूषित करता है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि समाज को नशा मुक्त करने के लिए अपने-अपने स्तर पर काम करें। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने एक सबसे बड़ी सामाजिक समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से नशे से दूर रहने को कहा। इस मौके पर हेड कांस्टेबल अनुज कुमार सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *