प्राथमिक विद्यालय व मंदिर में हुई चोरी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड एकेश्वर की रिंगवाड़स्यूं पट्टी के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ेथ व ग्राम सभा चमाली के मंदिरों में चोरों ने सेंध लगाकर सिलिंडर, नकदी व चांदी के छत्र चोरी कर लिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राप्रावि बड़ेथ के प्रधानाचार्य सतेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण विद्यालय बंद है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संजू देवी ने उन्हें फोन पर बताया कि जब वह बाजार से घर लौट रही थीं तो उन्हें विद्यालय के समीप रास्ते से गुजरते हुए मिड डे मील कक्ष का दरवाजा खुला नजर आया। उन्होंने वहां जाकर देखा तो कक्ष का ताला टूटा हुआ था और वहां से सिलिंडर गायब था। बाकी सामान सुरक्षित था। प्रधानाचार्य ने बताया कि उनके द्वारा चोरी की घटना की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। वहीं, विद्यालय से करीब आधा किलोमीटर के फासले पर स्थित ग्राम सभा चमाली के चंडी देवी मंदिर व आसपास के अन्य पांच मंदिरों में भी चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। ग्रामीण अजय बिष्ट ने बताया कि चोर मंदिर के दान पात्र से लगभग 10 हजार रुपये की नकदी एवं चांदी के तीन छत्र चोरी कर ले गए हैं। मंदिर में चोरी की घटनाओं के संबंध में प्रभु सिंह रावत की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पाटीसैंण चौकी प्रभारी एसआई प्रदीप बिष्ट ने विद्यालय एवं मंदिरों में चोरी की घटनाओं की प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि की। हालांकि पुलिस ने चोरी में शामिल चोरों की जल्द धरपकड़ की बात कही है, लेकिन चोरी की इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत है। पलायन होने के कारण गांव में अब केवल बुजुर्ग ग्रामीण ही रह रहे हैं। गांव के समीप के विद्यालय में कार्यरत शिक्षक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि रोजगार के लिए बाहर गए ग्रामीणों को चोरी की घटना के बाद से गांव में रह रहे बुजुर्ग माता-पिता की चिंता सता रही है। पुलिस प्रशासन से चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *