20 वर्षाें की प्रतीक्षा खत्म, त्रिलोकपुर में इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग का लोकार्पण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने वार्ड नंबर 35 के त्रिलोकपुर स्थित ग्राम रामदयालपुर में नवनिर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि ग्राम रामदयालपुर के लोग पिछले लगभग 20 वर्षों से इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। जंगल से सटे क्षेत्र में होने के कारण लंबे समय तक यह कार्य संभव नहीं हो सका, लेकिन लगातार प्रयासों और सरकार की जनहितकारी सोच के चलते अब यह बहुप्रतीक्षित परियोजना पूरी हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नए मार्ग के निर्माण से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सिडकुल ग्रोथ सेंटर आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य नागरिकों के लिए भी यह मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम साबित होगा। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में भी वर्षों से लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस विकास कार्य की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शशिबाला केष्टवाल, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, राजेंद्र जेजेडी, अमिताभ अग्रवाल, बूथ अध्यक्ष राजेंद्र, ज्योति जखमोला, भाबर मंडल महामंत्री अभिषेक नेगी, पूर्व सैनिक कुबेर जलाल, सुदर्शन, मनीष भट्ट, राजीव डबराल, राकेश नेगी, गिरीश गौड़, अनिल गौड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *