श्रीनगर गढ़वाल : एनएसडी नई दिल्ली की ओर से गढ़वाल विवि के लोककला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र को मिली नाट्य परियोजना के तहत इन दिनों नाट्य कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला का संचालन केंद्र के सहायक निदेशक एवं नाटक निर्देशक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में हो रहा है। कार्यशाला में एनएसडी के 2016 बैच के चैतन्य सोलंकर पिछले दस दिनों से विद्यार्थियों को अभिनय, मंचीय अनुशासन, चरित्र निर्माण, दृश्य संयोजन आदि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल ने इसे विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उपनिदेशक डॉ. संजय पांडे ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के अभिनय, तकनीकी समझ और मंचीय कौशल का विकास करना है। (एजेंसी)