मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के ट्रायल में पहुंचे डीएम, लिया फीडबैक

Spread the love

खिलाड़ियों को दिया हर संभव सुविधा का भरोसा
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत आयोजित ट्रायल प्रतियोगिता के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा बुधवार को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा स्थल पहुंचे। उन्होंने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों से सीधे मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और ट्रायल प्रक्रिया को लेकर प्रतिभागियों से फीडबैक भी लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।


इस दौरान जिलाधिकारी ने ट्रायल में सफल होने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सुविधा मुहैया कराई जाएगी, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर सकें। वहीं, जिलाधिकारी ने उन खिलाड़ियों से भी बात की जो किसी कारणवश चयनित नहीं हो सके। उन्होंने उन्हें निराश न होने की सलाह देते हुए कहा कि आने वाली प्रतियोगिता के लिए अभी से तैयारी करें। निरंतर मेहनत और अनुशासन से आने वाली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ट्रायल प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विशेष रूप से अवसर मिले। इस दौरान जिलाधिकारी ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ अगस्त्यमुनि मैदान का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *