कल्जीखाल ब्लॉक में 28 देवदार के पेड़ों पर चली आरियां
प्रशासन ने अज्ञात के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद में इन दिनों वन तस्करों के हौसले बुलंद हैं। वन तस्करों ने मण्डल मुख्यालय के समीप ही 28 देवदार के पेड़ों पर आरियां चला दी। ताज्जुब की बात तो यह है कि दो दर्जन पेड़ कटने की किसी को कानों कान भनक तक नहीं।
कल्जीखाल ब्लाक के अयाल गांव की सीमा से सटे सिविल वन क्षेत्र में बेशकीमती देवदार के 28 पेड़ों का अवैध कटान करने का मामला सामने आया है। इतने हरे पेड़ो के काटे जाने की शिकायत मिलने के बाद अब राजस्व विभाग हरकत में आया है। पौड़ी के प्रभारी तहसीलदार एसएस कठैत ने बताया कि अयाल गांव के वन सरपंच ने बीती 17 अगस्त को शिकायत दी कि उनके सिविल वन क्षेत्र में देवदार के हरे पेड़ों का अवैध कटान किया गया है। मामले में प्रशासन की टीम ने निरीक्षण कर जांच शुरू की। जांच में 28 देवदार के पेड़ों के कटने की पुष्टि हुई है। इस दौरान राजस्व विभाग को दो स्थानों पर कटे हुए पेड़ों को रखे जाने की भी सूचना प्राप्त हुई थी। जिस पर उन दो स्थानों में भी छापेमारी की गई लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी । और प्रशासन की टीम को बैरंग ही लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ उत्तर प्रदेश वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं उप जिलाधिकारी ने क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक का स्पष्टीकरण भी तलब किया है।