श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर शुक्रवार तड़के भल्ले गांव मोड़ पर ट्रक व पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दुर्घटना में पिकअप चालक अपनी सीट पर बुरी तरह फंस गया। देवप्रयाग पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाली देवप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि भल्ले गांव में एक ट्रक व पिकअप की आमने सामने टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप चालक वकील (50) निवासी ठंढेरा फाटक, रुड़की बुरी तरह सीट पर फंस गया। चौकी प्रभारी भल्ले गांव से एसआई योगेंद्र शर्मा, एचसी देवेंद्र सिंह व होमगार्ड रमेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य वाहन की सहायता से पिकअप की खिड़की खींचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने चालक को उसके साथी अजर के साथ श्रीनगर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि पिकअप वाहन ज्वालापुर, हरिद्वार से सब्जी लेकर गुप्तकाशी जा रहा था और ट्रक कर्णप्रयाग से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। (एजेेंसी)