कीर्तिनगर : जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग ने मंगलवार को कीर्तिनगर स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर बदरी-केदार और अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए पुल से मुख्य बाजार होते हुए पुराने पुल तक जुलूस निकालकर नारेबाजी भी की।
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। साथ ही धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। इस मौके पर पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश बत्र्वाल, नगर अध्यक्ष प्रदीप थपलियाल, पीसीसी सदस्य मोहनानंद डोभाल, श्यामलाल आर्य, डॉ. प्रताप सिंह भंडारी, रामलाल नौटियाल, आशुतोष रावत, अर्जुन गोदियाल, भीम सिंह नेगी आदि मौजूद थे। (एजेंसी)