महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

Spread the love

रुद्रपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि, किसानों को खाद उपलब्ध न होने और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। विधायक भुवन कापड़ी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सोमवार को खटीमा मुख्य चौराहे पर विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठे हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए पुतला दहन किया। विधायक कापड़ी ने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय पेट्रोल-डीजल के दाम 55 से 60 रुपये के आसपास थे और गैस सिलेंडर लगभग 450 रुपये में उपलब्ध था, लेकिन आज आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर मौन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान खाद की समस्या से जूझ रहे हैं और समय पर खाद नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कापड़ी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता, किसानों, युवाओं और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनहित के सवालों पर संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश राठौर (बॉबी), महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मान सिंह, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र आर्य, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कन्याल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *